…. 
नाहन : पुलिस थाना शिलाई, जिला सिरमौर (हि.प्र.) के अंतर्गत तालों खाला के समीप एक गंभीर सड़क दुर्घटना घटित हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक वाहन गलत दिशा में एवं तेज़ गति से चलाते हुए पहाड़ी से टकरा गया तथा क्रैश बैरियर को तोड़ते हुए नीचे भंगाल खड्ड में जा गिरा।इस संबंध में केदार सिंह पुत्र ध्यान सिंह, निवासी गांव भगनाड़ी, डाकघर झकांडो, तहसील शिलाई, जिला सिरमौर ने शिकायत दर्ज करवाई कि वह अम्बोटा से रोनहाट की ओर जा रहे थे, तभी सामने से रोनहाट की ओर से आ रही Alto कार संख्या HP85-0428 अत्यधिक तेज़ गति में व गलत दिशा में चलते हुए दाहिनी ओर पहाड़ी से टकरा गई। टक्कर के पश्चात वाहन क्रैश बैरियर तोड़कर लगभग 300 मीटर नीचे भंगाल खड्ड में गिर गया। दुर्घटना के समय वाहन चालक सड़क पर गिर गया, जबकि वाहन में सवार अन्य तीन व्यक्ति भी वाहन सहित खड्ड में गिर गए।दुर्घटना में कुलदीप सिंह (उम्र 18 वर्ष) पुत्र जीत सिंह, निवासी गांव शरोग, डाकघर कांडो भटनोल, तहसील शिलाई की मृत्यु हो गई, जबकि दो अन्य व्यक्ति घायल हुए हैं।इस संबंध में पुलिस थाना शिलाई में धारा 281 व 125(A) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है। मामले की जांच जारी है
