…
नाहन: नाहन विधायक अजय सोलंकी ने बताया कि महिला दिवस के उपलक्ष्य में 8 मार्च को माननीय मुख्यमंत्री श्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू जी का नाहन दौरा, नाहन विधानसभा के लिए ऐतिहासिक दिन अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में 8 मार्च का दिन नाहन विधानसभा क्षेत्र के लिए विकास की दृष्टि से एक ऐतिहासिक दिन बनने जा रहा है। इस अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री श्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू जी नाहन विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर आ रहे हैं और क्षेत्र में लगभग 190 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे।
विधायक अजय सोलंकी ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत करीब 36 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन तथा लगभग 152 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा। इन विकास कार्यों में लोक निर्माण विभाग, युवा सेवाएं एवं खेल विभाग, तकनीकी शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा विद्युत विभाग से जुड़े महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट शामिल हैं।
उद्घाटन होने वाली प्रमुख परियोजनाओं में नाहन में टेबल टेनिस एवं स्क्वैश कोर्ट कॉम्प्लेक्स, राजकीय पॉलिटेक्निक धौलाकुआं में शैक्षणिक भवन की दूसरी मंजिल, रेजिडेंशियल ब्लॉक, ऑटोमोबाइल ब्लॉक तथा छात्रावास, इसके अलावा जुड़्डा का जोहड़ से गड्डा कोटड़ी सड़क तथा जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर नाहन जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।
वहीं शिलान्यास होने वाली परियोजनाओं में सड़क निर्माण एवं उन्नयन के विभिन्न कार्य, नाहन जिला अस्पताल में चीफ मेडिकल ऑफिसर कार्यालय भवन, तथा नाहन और पांवटा साहिब में स्मार्ट ग्रिड तकनीक के माध्यम से 24×7 विश्वसनीय बिजली आपूर्ति की योजनाएं शामिल हैं।
विधायक अजय सोलंकी ने इसके लिए माननीय मुख्यमंत्री श्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू जी तथा प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार विकास और व्यवस्था परिवर्तन की सोच के साथ कार्य कर रही है, जिसके परिणामस्वरूप नाहन विधानसभा क्षेत्र को भी लगातार बड़े विकास कार्यों की सौगात मिल रही है।
उन्होंने नाहन विधानसभा क्षेत्र के सभी सम्मानित नागरिकों से इस ऐतिहासिक अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने का आग्रह किया है।
