नाहन:
जिला सिरमौर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बनकला के कक्षा 10वीं व 11वीं के व्यावसायिक विद्यार्थियों ने ऑटोमोबाइल उद्योग में प्राप्त किया व्यवहारिक प्रशिक्षण
जिला सिरमौर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (जीएसएसएस) बनकला में संचालित व्यावसायिक शिक्षा (ऑटोमोबाइल ट्रेड) के अंतर्गत विद्यालय के कक्षा 10वीं एवं 11वीं के विद्यार्थियों के लिए उद्योग आधारित ऑन-द-जॉब प्रशिक्षण (On the Job Training – OJT) का सफल आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण दिनांक 22, 26, 27 एवं 29 दिसंबर 2025 ( चार दिवसीय, 20 घंटे ) को आयोजित हुआ, जिसमें विद्यालय के कुल 35 विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की।
यह प्रशिक्षण फ्रंटियर एलॉय स्टील लिमिटेड, तपन हुंडई, पांवटा साहिब तथा उषासन्स ऑटो कंपोनेंट्स लिमिटेड, शम्भूवाला जैसे प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थानों में संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को कक्षा में प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ना तथा उन्हें ऑटोमोबाइल उद्योग की वास्तविक कार्यशैली से परिचित कराना था।
प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को वाहन इंजन प्रणाली, सर्विसिंग एवं मेंटेनेंस, ऑटोमोबाइल पार्ट्स निर्माण, आधुनिक मशीनों का संचालन, औद्योगिक सुरक्षा मानक, गुणवत्ता नियंत्रण एवं कार्यस्थल अनुशासन से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने प्रत्यक्ष रूप से औद्योगिक मशीनों को कार्य करते हुए देखा और विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त किया, जिससे उनकी तकनीकी समझ में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन व्यावसायिक प्रशिक्षक डॉ. कुलदीप ठाकुर एवं कमलजीत चौधरी के कुशल मार्गदर्शन में किया गया। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों की सुरक्षा, अनुशासन एवं समन्वय सुनिश्चित करने हेतु एस्कॉर्ट शिक्षिका सुश्री मनीषा रानी एवं श्रीमती रीता जोशी भी विद्यार्थियों के साथ उपस्थित रहीं।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती प्रीति तंवर जी ने इस अवसर पर कहा कि वर्तमान समय में व्यावसायिक शिक्षा विद्यार्थियों को रोजगारपरक एवं आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने बताया कि कक्षा 10वीं एवं 11वीं स्तर पर इस प्रकार का औद्योगिक प्रशिक्षण विद्यार्थियों को भविष्य में तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार के लिए मानसिक एवं व्यावहारिक रूप से तैयार करता है। उन्होंने औद्योगिक संस्थानों, प्रशिक्षकों एवं शिक्षकों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम नई शिक्षा नीति (NEP) के अंतर्गत व्यावसायिक शिक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल सिद्ध हुआ, जिससे विद्यार्थियों में तकनीकी दक्षता, आत्मविश्वास, अनुशासन तथा कार्य संस्कृति के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित हुआ। विद्यालय प्रबंधन ने भविष्य में भी इस प्रकार के औद्योगिक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। अंत में बच्चों को ऑन द जॉब शिक्षण कार्यक्रम के सर्टिफिकेट भी वितरित किए गए यह जानकारी विद्यालय प्रधानाचार्य महोदय प्रीति तंवर जी के दारा दी गई
